कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी बड़ी वजह बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में खामियां हैं। उन्होंने यह बात अमेरिका के दो दिन के दौरे के दौरान न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी के छात्रों और फैकल्टी के सामने कही। राहुल ने कहा कि युवाओं में निराशा बढ़ रही है, क्योंकि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता। वे आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं।

राहुल गांधी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को सामान्य अभियान से अलग बताते हुए कहा कि इसमें अनुमान से 20 से 50 गुना तक ज्यादा पैसा खर्च किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि इतना पैसा कहां से आया और इसका जवाब मिलना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन मिलना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास चुनावी धांधली के कई सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए पार्टी काम कर रही है।

राहुल ने चुनावी व्यवस्था में सुधार को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनावी व्यवस्था को ठीक किए बिना कुछ नहीं हो सकता।

युवाओं की स्थिति पर राहुल ने कहा कि मौजूदा हालात को लेकर उनमें निराशा है। इनमें एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है, जिसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस पर अध्ययन कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि करियर को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच दूरी बढ़ रही है। युवा पिछली पीढ़ी की सलाह और अनुभवों पर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि आज के समय में वह फॉर्मूला काम नहीं करता।