बदायूं के बिसौली स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में चौकीदार विशाल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब पीने के लिए कमरा खुलवाने पहुंचे कुछ लोगों ने चौकीदार से कमरा खोलने को कहा, और उसके मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू भैया ने सीओ अंशुमान श्रीवास्तव से फोन पर बात की और आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही। इसी बात को लेकर विधायक और सीओ के बीच कहासुनी हो गई।
इसके बाद विधायक पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में ही धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में हलचल मच गई। बाद में चौकीदार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
