संसद के विशेष सत्र में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा विधायी पैकेज पेश करने की तैयारी में है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की सीटें 500 से बढ़ाकर 650 करने के साथ लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है। सरकार का दावा है कि संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए उसके पास 371 सांसदों का समर्थन है, जो जरूरी दो-तिहाई बहुमत से अधिक है। अप्रैल में इसी तरह का विधेयक पास नहीं हो सका था, जब 528 सांसदों के मतदान में पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे और सरकार 54 वोटों से पीछे रह गई थी।

विपक्ष को एकजुट रखने की कोशिशों के बीच कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन को रविवार को चेन्नई में बड़ा झटका लगा। सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर बिल का विरोध करने की अपील की, लेकिन स्टालिन अपने फैसले पर अडिग रहे। उन्होंने कहा कि बिल गिरने पर तमिलनाडु को मिल रहा सीमित संरक्षण भी खत्म हो जाएगा और उनके लिए राज्य का हित सबसे पहले है। डीएमके के 22 लोकसभा सांसदों के समर्थन से सरकार को बहुमत की उम्मीद है।

अप्रैल के बाद से संसदीय समीकरण बदल चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल होकर एनडीए को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। वर्तमान में एनडीए के पास 299 सांसद हैं। सरकार को डीएमके (22), शरद पवार की एनसीपी (8), एनसीपीआई (20) और वाईएसआर कांग्रेस (4) के समर्थन की उम्मीद है, जिससे यह आंकड़ा 353 तक पहुंचता है। शरद पवार की एनसीपी ने संशोधित प्रस्ताव के समर्थन के संकेत दिए हैं, जबकि जेएमएम ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इंडी गठबंधन में अब कांग्रेस के 98, सपा के 37, टीएमसी के 8, राजद के 4, शिवसेना (यूबीटी) के 3 और वाम दलों के 9 सांसद बचे हैं।

सरकार के पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में संशोधन से जुड़ा बिल शामिल है। प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रावधान है, जिससे 2051 तक राज्यों की हिस्सेदारी का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रहेगा। एससी और एसटी के लिए आरक्षित सीटों में भी 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी और इन्हीं बढ़ी हुई सीटों के भीतर महिलाओं को आरक्षण मिलेगा। सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम अपने आवास पर वरिष्ठ मंत्रियों और भाजपा सांसदों के साथ बैठक की। भाजपा, कांग्रेस, टीएमसी और आम आदमी पार्टी ने अपने सांसदों को तीन-लाइन का व्हिप जारी किया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि भारत संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत संवैधानिक आरक्षण देने वाली पहली बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा, जबकि राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि सीटों के विस्तार से भाजपा और आरएसएस को चुनावी नक्शा बदलने और लोकतंत्र को कमजोर करने का मौका मिलेगा। टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मांग की है कि अयोग्यता की कार्यवाही लंबित रहने तक पार्टी के 20 बागी सांसदों को वोटिंग की अनुमति न दी जाए।