लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को असम की नगांव संसदीय सीट से उपचुनाव में निर्वाचित देवाशीष शर्मा को पद की शपथ दिलाई। लोकसभा सचिवालय के अनुसार, शर्मा ने रविवार शाम संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में शपथ ली।
यह उपचुनाव छह अक्टूबर को कराया गया था। कांग्रेस सांसद प्रद्युत बारदोलोई के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। बारदोलोई 2019 से नगांव संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था और इसके बाद असम विधानसभा चुनाव में दिसपुर सीट से चुनाव लड़ा।
लोकसभा की सोमवार की कार्यसूची के अनुसार, विशेष सत्र के पहले दिन सदन में शर्मा को शपथ लेनी थी। शर्मा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में विजयी हुए।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी शर्मा नगांव के उपायुक्त के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
