अमेरिका में एच-1बी वीजा कार्यक्रम में बदलाव को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों दलों के सांसद बदलाव की मांग कर रहे हैं, हालांकि उनके सुझावों में बड़ा अंतर है। कुछ सांसद अमेरिकी कामगारों के हितों की रक्षा के साथ भर्ती प्रक्रिया में सुधार चाहते हैं, जबकि कुछ वीजा जारी करने पर रोक लगाने या कार्यक्रम खत्म करने के पक्ष में हैं। इन प्रस्तावित बदलावों का भारतीय पेशेवरों पर महत्वपूर्ण असर पड़ सकता है।

अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा की वित्त वर्ष 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, मंजूर एच-1बी याचिकाओं में भारत में जन्मे लाभार्थियों की हिस्सेदारी 69.9 प्रतिशत रही है। मिसिसिपी के नवनिर्वाचित सीनेटर स्काट कोलम ने 24 नवंबर को फुल्टन में एक जनसभा के दौरान कहा कि अमेरिका को प्रौद्योगिकी क्षेत्र की नौकरियों के लिए अपने नागरिकों को प्रशिक्षित करने पर अधिक ध्यान देना चाहिए। रिपब्लिकन सीनेटर चक ग्रासली और टामी ट्यूबरविल के साथ निर्दलीय बर्नी सैंडर्स तथा डेमोक्रेटिक सीनेटर डिक डर्बिन भी अमेरिकी कामगारों के संरक्षण की वकालत कर चुके हैं।

दूसरी ओर, रो खन्ना कुशल आव्रजन के समर्थन के साथ कंपनियों की गलत भर्ती गतिविधियों की आलोचना करते हैं। रूबेन गालेगो भी भर्ती प्रक्रिया की कड़ी जांच चाहते हैं। हालांकि, कुछ प्रस्ताव कहीं अधिक सख्त हैं। सांसद ग्रेग स्ट्यूब का एक्साइल एक्ट वित्त वर्ष 2027 से एच-1बी वीजा की वार्षिक वैधानिक सीमा शून्य करने की मांग करता है। वहीं, एली क्रेन के प्रस्ताव में तीन साल तक वीजा रोकने, न्यूनतम वेतन दो लाख डालर करने और तीसरे पक्ष के लिए रोजगार पर पाबंदी लगाने की बात है।