वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 'पवन' नाम का एकीकृत डिजिटल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तैयार किया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिये दिल्ली के साथ हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों, नियमों के उल्लंघन और सरकारी एजेंसियों की कार्रवाई की निगरानी एक जगह से की जाएगी।
इस व्यवस्था में 30 से अधिक एपीआई और डेटा स्रोतों को जोड़ा गया है। प्लेटफॉर्म के जरिये 111 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन, 2300 से अधिक उद्योगों और 3200 से ज्यादा सक्रिय निर्माण स्थलों पर नजर रखी जाएगी। यातायात के लिहाज से संवेदनशील स्थानों के आंकड़े भी इसमें शामिल होंगे। उद्योगों से निकलने वाले पीएम, सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड के उत्सर्जन की भी निगरानी होगी। तय मानकों से अधिक उत्सर्जन करने वाली इकाइयों की पहचान ऑनलाइन मॉनिटरिंग के आंकड़ों के आधार पर की जा सकेगी।
निर्माण स्थलों पर लगे कैमरों और पीएम सेंसर से धूल नियंत्रण के उपायों पर नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी को अलर्ट के साथ स्क्रीनशॉट भेजा जाएगा। पराली जलाने की घटनाओं का पता लगाने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, इसरो और अन्य स्रोतों से मिलने वाले उपग्रह आंकड़ों का इस्तेमाल होगा। पिछले छह वर्षों के आंकड़ों से तुलना कर पराली जलाने वाले जिलों और हॉटस्पॉट की पहचान की जा सकेगी।
ओखला, भलस्वा, गाजीपुर, ग्रेटर नोएडा और भंडवारी लैंडफिल साइटों की गतिविधियों पर भी कैमरों से नजर रखी जाएगी। ग्रीन दिल्ली और समीर एप पर मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकेगी। मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की लोकेशन और तैनाती से पता लगाया जा सकेगा कि वे निर्धारित क्षेत्रों में काम कर रही हैं या नहीं। सीएक्यूएम के सदस्य सचिव तरुण पिथौड़े के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य अलग-अलग विभागों और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाना और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की प्रभावशीलता का आकलन करना है। भविष्य में इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल करने की भी योजना है।
