केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने एकेडमिक ईयर 2026-27 के लिए हेरिटेज इंडिया क्विज के आयोजन की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। इस साल क्विज की थीम Food Culture in India यानी भारत की खानपान संस्कृति रखी गई है। पेपर में 25 प्रतिशत प्रश्न खानपान संस्कृति और 75 प्रतिशत प्रश्न भारतीय इतिहास व सांस्कृतिक विरासत से संबंधित होंगे।
प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र भाग ले सकते हैं। भारत के साथ अन्य देशों में स्थित सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के छात्रों को भी इसमें शामिल होने का अवसर दिया गया है। छात्र व्यक्तिगत रूप से आवेदन नहीं कर सकेंगे। हर स्कूल को 3 छात्रों की एक टीम तैयार करनी होगी और स्कूल की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही टीम का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन फीस 1,500 रुपये प्रति टीम है। परीक्षा में 60 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे और इसकी अवधि 50 मिनट होगी।
प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित करने की योजना है। पहले चरण में ऑनलाइन परीक्षा होगी, दूसरे चरण में क्षेत्रीय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद चयनित टीमें राष्ट्रीय सेमीफाइनल और फाइनल में हिस्सा लेंगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25,000 रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए भी पुरस्कार दिया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी जाएगी।
इच्छुक छात्रों को अपने स्कूल के प्रिंसिपल या क्विज प्रभारी शिक्षक से संपर्क करना होगा। स्कूल की ओर से CBSE के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर टीम का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा, जिसके लिए स्कूल को अपने LOC लॉगिन क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करना होगा। आवेदन के दौरान 3 छात्रों की आवश्यक जानकारी भरनी होगी और निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट cbseacademic.nic.in पर जा सकते हैं।
