चंपावत जिले के बहुचर्चित दुष्कर्म मामले में आरोपित कांग्रेस नेता आनंद सिंह माहरा को हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है। न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की पीठ ने यह फैसला उस समय सुनाया जब ट्रायल अदालत में नाबालिग किशोरी ने अपने पूर्व बयानों से पलटते हुए कहा कि आनंद की इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं है और उसके शुरुआती बयान ही सही हैं। 13 मई 2026 को गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक हिरासत में बंद आनंद की जमानत याचिका ट्रायल अदालत से 23 मई और 6 अक्टूबर को खारिज हो चुकी थी। हाई कोर्ट में दायर दूसरी याचिका पर उनके बयान कोर्ट के रिकॉर्ड में आने के बाद उन्हें राहत मिली।

मामला पांच मई 2026 का है, जब चंपावत के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी एक शादी समारोह से लापता हो गई थी और तीन दिन बाद एक डेयरी में मिली थी। शुरुआत में पीड़िता के पिता की शिकायत पर विनोद रावत, नवीन रावत और पूरन सिंह रावत के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जबकि किशोरी के बयान में भाजपा के तत्कालीन मंडल अध्यक्ष का नाम भी सामने आया था।

आठ मई को चंपावत की एसपी रेखा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को मेडिकल, फोरेंसिक, सीसीटीवी और सीडीआर के आधार पर संदिग्ध व साजिश करार दिया और कमल सिंह रावत तथा अर्जिता राय को कथित मास्टरमाइंड बताया। इसके बाद आरोपित पक्ष के पिता राम सिंह रावत की क्रॉस एफआईआर और 11 मई की विरोधाभासी शिकायत के बीच आनंद को साजिश को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जबकि किशोरी को पीड़ित मानकर काउंसलिंग की बात कही गई थी।

विरोधाभासी बयानों, पुलिस के बदलते रुख और दो अलग-अलग दावों के कारण यह प्रकरण गहरे विवाद में फंस गया। विपक्ष और कांग्रेस सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए देहरादून के गांधी पार्क में प्रदर्शन किया और न्यायिक जांच की मांग की, जबकि बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने किशोरी से जुड़े वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने को किशोर न्याय अधिनियम का उल्लंघन बताते हुए चिंता जताई।