चंडीगढ़ प्रशासन के अधीन सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने अर्ध-वेतन अवकाश (हाफ पे लीव) के लाभ को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कर्मचारी 31 मार्च 2022 तक अपने अवकाश खातों में संचित अर्ध-वेतन अवकाश का लाभ पंजाब सेवा नियमों के अनुसार पाने के पात्र हैं।

चंडीगढ़ प्रशासन में केंद्रीय सेवा नियम लागू होने से पहले कर्मचारियों को पंजाब पैटर्न के तहत अवकाश खातों में जमा 300 छुट्टियों तक का लाभ मिलता था। इन छुट्टियों का उपयोग न होने पर नियमानुसार मानदेय प्राप्त करने की सुविधा भी थी। केंद्रीय सेवा नियम लागू होने के बाद यह सुविधा बंद कर दी गई थी।

इस फैसले के विरोध में कर्मचारी लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। उनकी मांग थी कि केंद्रीय सेवा नियम लागू होने से पहले पंजाब सेवा नियमों के तहत अर्जित छुट्टियों का लाभ उन्हें दिया जाए। केंद्र सरकार के इस स्पष्टीकरण से उन कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनकी पंजाब सेवा नियमों के तहत संचित छुट्टियों का लाभ केंद्रीय सेवा नियम लागू होने के बाद बंद हो गया था।

अब केंद्र के पत्र से स्पष्ट हो गया है कि पंजाब सेवा नियम लागू रहने के दौरान 31 मार्च 2022 तक संचित अर्ध-वेतन अवकाश का लाभ कर्मचारियों को मिलेगा।