चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए 26 नवंबर से नामांकन शुरू होने वाले हैं, लेकिन भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को लेकर स्थिति अब भी साफ नहीं है। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन चंडीगढ़ आए, लेकिन उनके दौरे के बाद भी अकाली दल के साथ गठबंधन पर कोई संकेत नहीं मिला। इससे दोनों दलों के नेताओं और टिकट के दावेदारों में असमंजस बना हुआ है।
पिछले चुनावों के आंकड़े गठबंधन के महत्व को दर्शाते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के संजय टंडन कांग्रेस के मनीष तिवारी से महज 2504 वोटों से हार गए थे। वहीं 2016 के नगर निगम चुनाव में दोनों दलों ने गठबंधन किया था। तब 26 सीटों में से भाजपा ने 22 और अकाली दल ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा था और गठबंधन ने 21 सीटें जीती थीं, जिनमें भाजपा के 20 और अकाली दल का एक पार्षद शामिल था।
2021 के नगर निगम चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे थे। भाजपा ने सभी 35 वार्डों में चुनाव लड़कर 12 सीटें जीतीं, जबकि अकाली दल ने 14 वार्डों में उम्मीदवार उतारकर एक सीट जीती। चुनाव में भाजपा को 1,13,045 वोट, कांग्रेस को 1,14,942 वोट, आम आदमी पार्टी को 1,04,471 वोट और अकाली दल को 10,744 वोट मिले थे।
चुनाव आयोग के वार्डवार आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार चार वार्ड ऐसे हैं, जहां दोनों दलों के वोट जोड़ने पर नतीजा बदल सकता था। वार्ड नंबर एक में भाजपा को 2310 और अकाली दल को 1305 वोट मिले थे, जिनका कुल 3615 वोट आम आदमी पार्टी के 3319 वोट से अधिक था। वार्ड नंबर दो में भाजपा के 2072 और अकाली दल के 249 वोट मिलाकर 2321 होते, जबकि कांग्रेस को 2061 वोट मिले थे। वार्ड नंबर 22 में भाजपा को 2636 और अकाली दल को 283 वोट मिले थे, जिनका कुल 2919 होता, जबकि आप को 2712 वोट मिले थे। वार्ड नंबर 25 में भाजपा के 3662 और अकाली दल के 514 वोट मिलाकर 4176 होते, जबकि आप को 3977 वोट मिले थे।
अब 2026 के चुनाव में दोनों दलों के सामने पुराना प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। भाजपा के लिए अकाली दल का समर्थन उन वार्डों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां सिख और पंजाबी मतदाताओं की संख्या निर्णायक है, जबकि अकाली दल अपनी राजनीतिक जमीन और सीटों पर दावेदारी बनाए रखना चाहता है। नामांकन शुरू होने से पहले गठबंधन पर फैसला दोनों दलों की चुनावी रणनीति की दिशा तय करेगा।
