परिसीमन और महिला आरक्षण पर जारी राजनीतिक बहस के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि अगर कांग्रेस सरकार के प्रस्ताव का विरोध कर रही है, तो दक्षिण भारत के राज्यों की हिस्सेदारी बनाए रखते हुए महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का उसका ठोस विकल्प क्या है?

नायडू ने लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के केंद्र सरकार के फॉर्मूले का पुरजोर बचाव किया। उनका तर्क है कि सदन की ताकत बढ़ाकर और बढ़ी हुई सीटों में से एक-तिहाई महिलाओं के लिए आरक्षित करके दोनों मसलों का साथ में हल निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए फायदे का सौदा है। राहुल गांधी और कांग्रेस से सवाल करते हुए उन्होंने दक्षिण भारत में पार्टी की मौजूदगी का हवाला दिया और कहा कि कल तक राहुल गांधी केरल का प्रतिनिधित्व करते थे, अब प्रियंका वहां से सांसद हैं, और दक्षिण के तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं।

नायडू ने आगाह किया कि अगर परिसीमन सिर्फ ताजा जनगणना के आधार पर हुआ, तो दक्षिण के राज्यों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा और उनकी आवाज कमजोर पड़ जाएगी। उन्होंने कांग्रेस की उस मांग को भी खारिज किया, जिसमें मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के भीतर ही 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करने की बात कही जा रही है। उनके मुताबिक ऐसा करने से पुरुषों के प्रतिनिधित्व को लेकर नई चिंता खड़ी हो जाएगी।

नायडू ने आंकड़ों के जरिए बताया कि नए फॉर्मूले से दक्षिण भारत के राज्यों की कुल सीटें 129 से बढ़कर 195 हो जाएंगी, जबकि सदन में उनकी 23.76 फीसदी की संयुक्त हिस्सेदारी भी बरकरार रहेगी। इस प्रस्ताव के तहत आंध्र प्रदेश की सीटें 25 से 38, तमिलनाडु की 39 से 59, कर्नाटक की 28 से 42, तेलंगाना की 17 से 26 और केरल की 20 से 30 हो जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सीटों के विस्तार से सांसदों पर काम का बोझ कम होगा, क्योंकि अभी एक सांसद औसतन 27-28 लाख आबादी का प्रतिनिधित्व करता है, जो घटकर करीब 18 लाख रह जाएगा। महिला आरक्षण को लंबे समय से अटका लोकतांत्रिक वादा बताते हुए उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह सियासी मतभेदों की वजह से इस कानून को न अटकाए और आम सहमति बनाए।