रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। राज्य के सभी 33 जिलों में किसान उपार्जन केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। 26 नवंबर तक 1 लाख 11 हजार 629 किसानों से 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। अधिकारियों के अनुसार खरीदे गए धान का समर्थन मूल्य 1,085 करोड़ 84 लाख रुपए है। अब तक 87 हजार 242 किसानों को 838 करोड़ 58 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
इस वर्ष धान विक्रय के लिए प्रदेश में 28 लाख 6,802 किसानों का पंजीयन हुआ है और खरीदी के लिए 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्रों में किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और खरीदी से भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रहे। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने पर्याप्त बारदाना, पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था, धान के सुरक्षित भंडारण तथा टोकन और तौल व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक 2 लाख 85 हजार 526.72 मीट्रिक टन मोटा धान, 1 लाख 15 हजार 672.84 मीटर टन पतला धान और 42 हजार 688.20 मीट्रिक टन सरना धान की खरीदी हुई है। सर्वाधिक खरीदी राजनांदगांव जिले में 43,394.64 मीट्रिक टन हुई है।
सबसे कम खरीदी सुकमा जिले में हुई है। अधिकारियों के अनुसार नारायणपुर में 111.36 मीट्रिक टन, बीजापुर में 96.12 मीट्रिक टन, दंतेवाड़ा में 4.72 मीट्रिक टन और सुकमा में 2.24 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है।
