कांग्रेस पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि उसने CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को कमजोर किया। ये आरोप असम में कांग्रेस के साथ गठबंधन में रह चुकी रायजोर दल ने लगाए हैं। पार्टी प्रमुख अखिल गोगोई की ओर से लिखे गए पत्र में दावा किया गया है कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को अपना दुश्मन मानती है और उसी ने CJP के आंदोलन को कमजोर किया। गोगोई ने लिखा कि सड़कों पर आंदोलन को विभाजित करके और एक वास्तविक जनविद्रोह के साथ प्रतिस्पर्धा करके कांग्रेस ने CJP के आंदोलन को कमजोर किया, जिससे सत्तारूढ़ सरकार को आंदोलन नियंत्रित करने का मौका मिल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाजपा को अपना वैचारिक प्रतिद्वंद्वी बताती है, लेकिन क्षेत्रीय सहयोगियों और स्वतंत्र जमीनी आंदोलनों को कमजोर करती रही है। फिलहाल इस पर कांग्रेस या CJP की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इस बीच CJP नेता सौरभ दास ने लोकसभा सांसद राहुल गांधी की तारीफ की है। द एकेएस पॉडकास्ट में दास ने कहा कि राहुल गांधी बहुत ही सभ्य इंसान हैं और सोनिया गांधी ने उनकी बहुत अच्छी परवरिश की होगी। उन्होंने कहा कि इस बात पर एक आम सहमति है कि वे अच्छे इंसान हैं। हालांकि दास ने साफ किया कि CJP किसी भी पार्टी के साथ जाने की योजना नहीं बना रही है।
दास ने CJP के राजनीतिक दल न बनने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि देश में हजारों संगठन अपने स्तर पर काम कर रहे हैं और सबका अपना रोल है। उन्होंने कहा कि CJP अभी सिर्फ टीम यूथ है, किसी की टीम नहीं बनना चाहती और उसकी राजनीतिक पार्टी बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन को अपनी भूमिका निभाने दी जाए, जबकि CJP चार महीने पहले बना संगठन है।
बता दें कि CJP ने जून-जुलाई में दिल्ली के जंतर मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया था। तब सरकार के सामने धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री पद से हटाने की मांग रखी गई थी, जिसे सरकार ने मान लिया था और बाद में प्रल्हाद जोशी पद पर आए। सरकार ने CJP की मुआवजा समेत अन्य मांगों को भी स्वीकार किया था, जिसके बाद आंदोलन खत्म हो गया था। इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था।
