लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उस समय सीएम योगी गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में थे। उन्होंने पहले कार्यक्रम पूरा किया, फिर गोरखपुर से सीधे पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव पहुंचे।

गांव पहुंचकर सीएम योगी मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और बिना अन्न-जल ग्रहण किए अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे रहे। शनिवार सुबह मां की अंतिम यात्रा पंचूर गांव से हरिद्वार के लिए निकली। सीएम योगी शवयात्रा में शामिल हुए और मां की अर्थी को कंधा देकर पुत्र ऋण चुकाया। हरिद्वार में अंतिम संस्कार के दौरान उन्होंने भाइयों के साथ चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान वे काफी भावुक दिखे।

लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम पहले से तय था। वे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होने आने वाले थे। बिहार में नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी का लखनऊ दौरा शुरू हुआ। हरिद्वार में मां के अंतिम संस्कार के विधि-विधान पूरे करने के बाद सीएम योगी लखनऊ लौटे और पीएम मोदी का स्वागत किया। कार्यक्रम के संबोधन में उन्होंने युवाओं को लेकर सरकार की योजनाओं पर बात की। सोशल मीडिया एक्स पर सीएम योगी ने लिखा कि विकास और विरासत की समृद्ध धरती उत्तर प्रदेश में पीएम नरेंद्र मोदी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से पीएम मोदी का स्वागत किया। भाषण की शुरुआत में वे भावुक दिखे, लेकिन उन्होंने अपने कर्तव्य को पूरी तरह निभाया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने सीएम योगी के पुत्रधर्म और राजधर्म निभाने की चर्चा की और कुछ पल के लिए भावुक भी दिखे। जयंत चौधरी ने कहा कि आज सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां को अंतिम विदाई दी है। एक पुत्र के लिए मां का जाना बड़ा भावुक क्षण होता है। अब वे राजधर्म निभाने के लिए कार्यक्रम में मौजूद हैं। इस प्रकार अपने कार्य के प्रति समर्पण सराहनीय है।