लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार को पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित और आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बनेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत सभी अतिथियों का अभिनंदन किया और लखनऊ में इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार जताया।

सीएम योगी ने कहा कि 2015 में विश्व युवा कौशल दिवस पर शुरू हुए स्किल इंडिया महाभियान ने देश के युवाओं की प्रतिभा को मंच देकर उनकी निराशा दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। 2017 के बाद प्रदेश ने स्किल मिशन को तेजी से आगे बढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया और सात लाख से अधिक युवाओं को कैंपस सलेक्शन से नौकरी मिली।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण देकर 1.23 लाख से अधिक युवक-युवतियों को सीधे रोजगार दिलाने में मदद की गई। प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 150 से अधिक आईटीआई में टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर एआई, रोबोटिक, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और थ्रीडी प्रिटिंग जैसे नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं, जिनसे 12 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को कैंपस सलेक्शन के जरिये अच्छा रोजगार मिला है।

सीएम ने बताया कि प्रदेश में 2026 में लगे रोजगार मेलों में 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला, जिनमें 3400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्र के वोकेशनल एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट नेटवर्क को जोड़ने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल स्किलिंग एवं एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जा रहे हैं, जहां एक ही छत के नीचे युवाओं को स्किलिंग के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार के अनुरूप उद्योग को कुशल कार्यबल उपलब्ध कराया जाएगा। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडेय और कपिल देव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।