महाराष्ट्र के नागपुर में अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने संविधान रैली का ऐलान किया है। इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपके ने कहा कि जनरेशन जेड (Gen Z) को उसी पार्टी को वोट देना चाहिए, जो अच्छी शिक्षा और रोजगार की बात करे। उन्होंने साफ किया है कि सीजेपी यूपी चुनाव में नहीं उतरेगी और किसी दल को समर्थन भी नहीं दिया जाएगा। इससे पहले पार्टी के अन्य नेताओं ने भी राजनीति में उतरने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वे फिलहाल सिर्फ प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करना चाहते हैं।
दीपके ने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार देने वालों को वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा, 'Gen Z को बस उसे ही समर्थन देना चाहिए, जो उन्हें अच्छी शिक्षा देगा, रोजगार देगा, अच्छा पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर देगा, अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं देगा। अब ये बाकी पार्टियों पर निर्भर करता है कि वो ये चीजें Gen Z को मुहैया कराना चाहती हैं या नहीं।' जब उनसे पूछा गया कि वे केंद्र में भाजपा के खिलाफ बात कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ इतना कह रहे हैं कि जो अच्छी शिक्षा, रोजगार, पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और हेल्थ केयर पर काम करेगा, जनरेशन जेड उसी को वोट दे।
मंगलवार को छत्रपति संभाजीनगर में संवाददाताओं से बात करते हुए दीपके ने कहा था कि वे चुनाव में नहीं उतरेंगे, लेकिन चुनाव युवाओं के मुद्दों पर होने चाहिए। उन्होंने कहा, 'हम कब तक जाति और धर्म के नाम पर चुनाव लड़ते रहेंगे? दुनिया आज एआई और रिन्यूएबल एनर्जी पर चर्चा कर रही है।' उन्होंने कहा कि वे इस बारे में बात नहीं करेंगे कि सरकार किसे बनानी चाहिए और किसे नहीं, बल्कि चाहते हैं कि राष्ट्रीय राजनीति रोजगार और शिक्षा पर केंद्रित हो।
दीपके ने गुरुवार को नागपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली की तैयारी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है और इसकी शुरुआत चुनावों के दौरान विधायकों की खरीद-फरोख्त से हुई। उन्होंने कोल्हापुर में गोकुल डेरी चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि चुनावों को हाईजैक कर उनमें धांधली की जा रही है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाया कि उन्हें जीतने वाले उम्मीदवारों और उनकी जीत के अंतर की सूची का केवल एक व्हाट्सऐप संदेश मिलता है और वह कठपुतली की तरह संवाददाता सम्मेलन में उसकी घोषणा कर देते हैं। सीजेपी आने वाले समय में मराठवाड़ा और विदर्भ के सूखाग्रस्त क्षेत्र का दौरा करने की तैयारी कर रही है, वहीं पार्टी के नेता लगातार सरकारी स्कूलों में भी पहुंच रहे हैं।
