केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह कार्यक्रम 23 नवंबर को शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST) में आयोजित किया गया था, जिसका आयोजन जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष दरख्शां अंद्राबी ने किया था। इसमें केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी शामिल हुए थे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, गीत के दौरान बड़ी संख्या में धर्मगुरु खड़े हो गए थे, जिनमें गुज्जर नेता और नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद मियां अल्ताफ अहमद, शिया नेता इमरान अंसारी और अब्दुल राशिद शेख (दाऊदी) शामिल थे। बाद में इनके खड़े होने पर आलोचना हुई।

बुधवार को कार्यक्रम में शामिल कुछ धर्मगुरुओं ने वीडियो बयान जारी कर अपने कदम पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा कि वे अपनी गलती के लिए पश्चाताप कर रहे हैं।

इस बीच, कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले समूह मुत्तहिदा मजलिस उलेमा (MMU) ने कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि इस्लाम मातृभूमि से प्रेम को प्रोत्साहित करता है, लेकिन मातृभूमि से प्रेम और उसकी पूजा करने में स्पष्ट अंतर है। MMU के मुताबिक, मातृभूमि को दैवीय स्वरूप देने वाली किसी भी अभिव्यक्ति या परंपरा को इस्लाम की मूल मान्यता तौहीद के खिलाफ माना जाता है। संगठन ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों की रक्षा के लिए जिम्मेदार वक्फ बोर्ड ने ही अपने कार्यक्रम में यह गीत बजाया, जबकि ऐसा करने की कोई कानूनी बाध्यता नहीं थी। इससे कश्मीरी मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

MMU ने जम्मू-कश्मीर में सरकारी कार्यक्रमों में नियमित रूप से वंदे मातरम शामिल किए जाने पर भी चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि वह मामले में कानूनी राय लेने पर विचार कर रहा है और संबंधित अधिकारियों के सामने औपचारिक प्रतिनिधित्व सौंपेगा, जिसमें सरकारी कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में वंदे मातरम को कथित तौर पर जबरन शामिल किए जाने पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।