कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार शाम 4 बजे नागपुर के संविधान चौक पर 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन और जनसभा करेगी। इससे पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में गड़बड़ियां हो रही हैं और चुनाव केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि देश को संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुसार चलना चाहिए।

दीपके ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट को दबाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाए गए। विरोध जताने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी की तस्वीर लगाई गई और मोदी चालीसा बजाई गई।

दीपके ने कहा कि CJP किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करती और न ही पार्टी बनाने की योजना है। संगठन रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता देना चाहता है।

प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज और CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। रांका के मुताबिक, संगठन महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा में छह दिवसीय 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान चलाएगा, जिसके तहत सदस्य किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सामने लाएंगे। गोवा में अच्छे रिस्पॉन्स के बाद यह अभियान दिल्ली, केरल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी चलाया जाएगा। गोवा में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर नागरिक घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा।