देहरादून में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में सिख समुदाय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘शेर-ए-उत्तराखंड’ की उपाधि से सम्मानित किया। गुरुद्वारा गोविंदनगर रेसकोर्स में मंगलवार को हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी और सिख समुदाय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सिख समुदाय के प्रतिष्ठित लोगों ने मुख्यमंत्री को यह उपाधि प्रदान की। सिख समाज ने उपाधि देने की जानकारी बुधवार को सार्वजनिक की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सेवा, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन दर्शन मानवता की सेवा, समानता, सद्भाव और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है तथा उनकी शिक्षाएं भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने और मानव कल्याण के लिए कार्य करने का मार्ग दिखाती हैं।

कार्यक्रम में उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को केंद्र और राज्य सरकार की रोजगारपरक एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और योजनाओं से संबंधित ब्रोशर वितरित कर पात्र लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सचिव बरकत अली, संजय रावत, दीपा, शमां, प्रतीक, कमल सिंह व प्रमोद सहित विभागीय प्रतिनिधि और सिख समुदाय के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।