बीकानेर जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी निकिता डूडी ने निर्दलीय प्रत्याशी सरिता चौहान को 5 वोटों के अंतर से हरा दिया। निकिता को 23 और सरिता को 18 वोट मिले। इस जीत के साथ दिवंगत कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी और विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता डूडी बीकानेर की नई जिला प्रमुख बन गई हैं।
41 सदस्यों वाली बीकानेर जिला परिषद में कांग्रेस के 30, भाजपा के 8, आरएलपी के 2 और माकपा के 1 सदस्य निर्वाचित हुए थे। जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन वापसी के बाद भाजपा प्रत्याशी धापू कंवर समेत अन्य ने अपना नाम वापस ले लिया, जिससे मुकाबला कांग्रेस की निकिता डूडी और निर्दलीय सरिता चौहान के बीच सिमट गया। सरिता चौहान पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी हैं। पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ने के मामले में गोविंदराम मेघवाल और सरिता चौहान को कांग्रेस से निलंबित भी किया गया।
मतदान के बाद 23-18 के अंतर से निकिता डूडी विजयी रहीं। सरिता चौहान ने लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने और नए चेहरे को टिकट देने का मुद्दा उठाया, जबकि निकिता डूडी ने पार्टी के भरोसे और विरासत को आगे बढ़ाने की बात कही। बगावत के बावजूद निकिता की जीत से बीकानेर जिला प्रमुख की कुर्सी पर डूडी खेमे का दबदबा बना हुआ है।
