मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बुधवार को उनके पैतृक गांव नदवां में हुई। समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में मेहमान और समर्थक पहुंचे। देर शाम दूल्हा ऋषिकेश बिहटा से 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर नदवां पहुंचे।
मेहमानों की भारी भीड़ के कारण बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहनों की कतार लग गई। जाम में बाराती और आम लोग घंटों फंसे रहे। भीड़ का असर मोबाइल नेटवर्क पर भी पड़ा और इलाके में नेटवर्क ठप होने जैसी स्थिति बन गई। जाम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला भी फंस गया। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। भीड़ के कारण बृजभूषण सिंह को ट्रैक्टर पर सवार होकर आगे जाना पड़ा। कई लोग पैदल और खेतों के रास्ते समारोह स्थल तक पहुंचे।
विधायक अनंत सिंह के अनुसार, समारोह में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी और खाना बनाने के लिए 300 से अधिक चूल्हे लगाए गए थे। करीब 25 बीघे में पंडाल तैयार किया गया था। हेलीकाप्टर से आने वाले अतिथियों के लिए गांव में तीन हेलीपैड बनाए गए थे। भीड़ के कारण भोजन पंडाल में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
समारोह के दौरान आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता को भीड़ के कारण बीच में ही रोकना पड़ा। कुछ दर्शक प्रतियोगिता देखने के लिए बिजली के टावर पर चढ़ गए। प्रतियोगिता अब गुरुवार को आयोजित की जाएगी। शिवांगी और ऋषिकेश का जयमाला कार्यक्रम बुधवार की रात संपन्न हुआ। समारोह में भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत के कई कलाकार भी पहुंचे।
