लखनऊ में गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव 2027 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी करने की तैयारी में है, जबकि दूसरी ओर चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन करने जा रहा है। इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आजाद समाज पार्टी प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सपा और कांग्रेस का आपस का मामला है, इस पर वे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि जब उनकी पार्टी और एआईएमआईएम के बीच गठबंधन फाइनल हुआ था, तो इन लोगों ने उन पर बहुत सारे सवाल-जवाब किए थे। अब इनके गठबंधन में हिस्सेदारी को लेकर परेशानी चल रही है तो ये एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
चंद्रशेखर ने कहा कि हर कोई देख रहा है कि ये लोग एक-दूसरे पर किस प्रकार सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर इनको अपने गठबंधन में हिस्सेदारी नहीं मिलती है तो ये अलग-अलग भी लड़ सकते हैं। लेकिन अगर कोई नया राजनीतिक दल अपने हक-अधिकार की लड़ाई लड़ रहा है, सड़कों पर उतरकर काम कर रहा है, लाठियां खा रहा है, मुकदमे झेल रहा है, जेल जा रहा है और मुकाबला कर रहा है, तो उस पर सवाल उठाते हैं। कांग्रेस-सपा नेताओं के बयानों पर उन्होंने कहा कि जब उनकी पार्टी चुनावी मैदान में आई तो उस पर आरोप लगाया गया और आलोचना की गई। उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता, इसीलिए कभी किसी पर तीखी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, अगर साथ बैठना पड़ जाए तो आंख न मिला पाएं।
चंद्रशेखर आजाद गुरुवार की रैली में भाग लेने के लिए लखनऊ पहुंचे हैं। अंबेडकर मैदान में आयोजित रैली में लाखों लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है। इसके जरिए चंद्रशेखर और ओवैसी प्रदेश की राजनीति में विपक्ष के विकल्प की राजनीति को जमीन पर उतारने का संदेश देते दिख सकते हैं।
