सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुजरात के कच्छ में हुए सड़क हादसे में शहीद द्वितीय गढ़वाल राइफल्स के जवानों के परिवारों से कोटद्वार में मुलाकात की और हरसंभव सहायता का वादा किया।

बुधवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कोटद्वार पहुंचकर दिवंगत नायक राजेश सिंह रावत और नायक सौरभ सिंह नेगी के परिवारों से भेंट की। इसके बाद वे नायक नितिन गुसाईं के आवास भी पहुंचे और उनके परिवार को सांत्वना दी। मंत्री ने कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक है और परिवार के सदस्यों का असमय चले जाना बेहद पीड़ादायक है।

मंत्री जोशी ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों तथा उनके आश्रितों के सम्मान, कल्याण और हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इस मौके पर महापौर शैलेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, सैनिक कल्याण निदेशक ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मौजूद रहे।

बताते चलें कि भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में कोटद्वार के ध्रुव विहार निवासी नायक सौरभ नेगी (31), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की बेटी शिविका की मृत्यु हो गई थी। वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) और उनकी चार वर्षीय पुत्री वमिका तथा नायक राजेश रावत और उनकी सात वर्षीय पुत्री रक्षिता भी इस हादसे में काल के ग्रास बन गए।