मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का पद छोड़ दिया है। अब सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चेतन्य काश्यप इंदौर के नए प्रभारी मंत्री होंगे। राज्य शासन ने बुधवार, 25 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, चेतन्य काश्यप को उनके मौजूदा विभागीय दायित्वों के साथ इंदौर जिले का प्रभार भी सौंपा गया है। उप सचिव शैलेन्द्र कुमार हनोतिया के हस्ताक्षर से जारी आदेश में इस नियुक्ति की औपचारिक पुष्टि की गई है।

प्रभारी मंत्री के रूप में अब चेतन्य काश्यप इंदौर जिले के विकास कार्यों की समीक्षा और प्रशासनिक गतिविधियों की निगरानी करेंगे। जिले में विकास योजनाओं की प्रगति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और अधिकारियों के साथ होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में उनकी भूमिका अहम होगी।

शासन ने नियुक्ति संबंधी आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव, राज्यपाल के प्रमुख सचिव, सभी अपर मुख्य सचिवों, संभागायुक्तों, कलेक्टरों और जनसंपर्क आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी है। नए आदेश के बाद इंदौर जिले की प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी अब चेतन्य काश्यप के पास होगी।