भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ दिया है। आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इस जिले का प्रभारी मंत्री अब चैतन्य कश्यप होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार देर शाम इस आशय का आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार मंत्री चैतन्य कश्यप को उनके मौजूदा विभागीय दायित्वों के साथ जिला इंदौर का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। कश्यप के पास पहले से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की जिम्मेदारी है। अब उनके दायित्व में प्रदेश का एक महत्वपूर्ण जिला भी जुड़ गया है।

इस नियुक्ति के साथ कश्यप को इंदौर से जुड़े विकास कार्यों, जिला स्तरीय योजनाओं और प्रशासनिक समन्वय की जिम्मेदारी निभानी होगी। इंदौर प्रदेश का प्रमुख व्यावसायिक और औद्योगिक केंद्र है, इसलिए इस जिले का प्रभार राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।

भोपाल से जारी सरकारी आदेश पर सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव शैलेन्द्र कुमार हनोतिया के हस्ताक्षर हैं। आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव, राज्यपाल के प्रमुख सचिव, प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के अलावा समस्त संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों को भेजी गई है।