मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के नारसन में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर महिलाविरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार बैणी-भुली योजना का विरोध कर रही है, जबकि यह योजना महिलाओं के लिए उपयोगी है। धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि बहनों के खाते में पैसे आएं और इस योजना से प्रदेश की महिलाओं को काफी लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 में कोरोना काल के दौरान महिला स्वयं सहायता समूह का सामान खराब न हो, इसके लिए पैकेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री नारी सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना शुरू की गई।

धामी ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकारी नौकरियों में उन्हें बीस प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं किया गया है, बल्कि पांच साल से सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को यह अच्छा नहीं लग रहा है कि उत्तराखंड की महिलाएं आगे बढ़ें।