विधानसभा चुनाव से पहले सपा नेता मोहम्मद आजम खां जेल से बाहर आ चुके हैं। हाई कोर्ट के आदेश पर रिहा होकर रामपुर लौटे आजम खां मीडिया से बातचीत कर रहे हैं और जेल में बिताई गई अवधि के वृत्तांत सुना रहे हैं। एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि जेल की बैरक में वह अपने बेटे के साथ फर्श पर अकेले लेटते थे और कभी-कभी गर्दन पर बिच्छू चढ़ जाते थे। उनके मुताबिक, शाम छह बजे से सुबह तक उन्हें बैरक में बंद रखा जाता था। आजम खां ने कहा कि मुस्लिम होकर शिक्षा का मंदिर बनाने की सजा उन्हें मिल रही है। यूनिवर्सिटी के अवैध घोषित भवनों को ढहाने के आदेश पर भी वह अपने पक्ष में माहौल बनाते दिख रहे हैं और कह रहे हैं कि वह अपनी अपील वापस ले रहे हैं।
दूसरी ओर, मंत्री रहते हुए के कुछ पुराने वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें वह गाड़ी में बैठे-बैठे ट्रैक्टर चालक को गालियां बकते दिख रहे हैं। लोग इन वीडियो पर चुटकियां ले रहे हैं। बता दें कि आजम खां अलग-अलग मामलों में चार बार जेल गए और उन्होंने पांच वर्ष से अधिक समय जेल में बिताया है। उनके साथ सियासत में रहे लोगों का कहना है कि उन्हें अपने समर्थकों की नब्ज थामना बखूबी आता है और समाज में अपने प्रति हमदर्दी जगाकर वह इसका लाभ विधानसभा चुनाव में उठाएंगे। उनका निशाना पश्चिम उत्तर प्रदेश के मुसलमान हैं।
