श्रीनगर में सोमवार को आयोजित 'वक्फ दिवस' कार्यक्रम में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की कविता 'वंदे मातरम' के सभी छह पद बजाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन और बीजेपी नेता डॉ. दरख्शां अंद्राबी तथा लोकसभा सांसद मियां अल्ताफ अहमद समेत कई लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम में शामिल रहे कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उनकी मौजूदगी को गीत के समर्थन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने न अपने मन से और न ही अपने शब्दों से इस गीत का समर्थन किया। धर्मगुरुओं ने खेद जताते हुए कहा कि अगर उनकी उपस्थिति से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वे अल्लाह के सामने सच्चे दिल से तौबा करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि वह उनकी तौबा को स्वीकार करे।
इस बीच, मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने भी वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम पर आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि किसी आधिकारिक कार्यक्रम में 'वंदे मातरम' बजाना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं है। उसने वक्फ बोर्ड की आलोचना करते हुए कहा कि मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली संस्था के कार्यक्रम में इस गीत को बजाना गलत है।
MMU ने कहा कि 'वंदे मातरम' के कुछ विचार इस्लाम के तौहीद यानी अल्लाह की एकता के सिद्धांत के विपरीत हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि इस्लाम मातृभूमि से प्रेम करने को बढ़ावा देता है, लेकिन मातृभूमि से प्रेम और उसकी पूजा करने में अंतर करता है।
