लोकसभा में एनडीए की ताकत शिरोमणि अकाली दल के आने से बढ़ गई है। हालांकि, निचले सदन में पार्टी के पास एक ही सांसद है। बीते कुछ सालों में केंद्र में सत्तारूढ़ गठबंधन को सहयोगी दलों की वापसी के लिहाज से बड़ा फायदा हुआ है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद इन दलों के चलते एनडीए की ताकत 42 सांसदों से बढ़ गई है। इनमें शिअद के अलावा शिवसेना, जनता दल यूनाइटेड और तेलुगु देशम पार्टी भी शामिल हैं।
साल 2018 में टीडीपी, 2019 में तब अविभाजित शिवसेना और 2020 में शिरोमणि अकाली दल ने एनडीए का साथ छोड़ दिया था। वहीं, नीतीश कुमार की जदयू का एनडीए में आना जाना चलता रहा और 2024 में पार्टी वापस लौट आई। 2024 के चुनाव में शिअद को छोड़कर ये सभी दल एनडीए के साथ थे। 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए तनाव के बाद सबसे पुराने सहयोगी दल माने जाने वाले शिअद ने एनडीए छोड़ने का ऐलान कर दिया था। अब मंगलवार को दोनों दल 6 सालों के बाद एक साथ आ गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि भाजपा के सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी हुई है और हम दिल से उनका स्वागत करते हैं।
2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 240 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ा दल बनकर उभरी थी, लेकिन 2014 और 2019 की तरह पार्टी बहुमत हासिल नहीं कर सकी थी। ऐसे में 16 सांसदों वाली टीडीपी, 12 सदस्यों वाली जदयू और शिवसेना समेत कई दलों की मदद से गठबंधन की सरकार बनी और आंकड़ा बहुमत के आंकड़े को पार कर गया था। 2024 चुनाव में शिवसेना ने कुल 7 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद जून 2026 में पार्टी को 6 और सांसदों का समर्थन मिला और आंकड़ा 13 पर पहुंच गया था।
इस बीच, परिसीमन बिल को लेकर चर्चाएं हैं और अटकलें ये भी हैं कि 15 दिसंबर से संसद का शीतकालीन सत्र बुलाया जा सकता है, हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारियां पूरी करने का सुझाव दिया है। एनडीए के पास 320 सदस्य हैं और दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। मौजूदा आंकड़े बताते हैं कि निचले सदन में 3 सीटें खाली हैं और कुल सदस्यों की संख्या 540 है, ऐसे में दो तिहाई बहुमत 361 पर पूरा होगा।
