रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान किसानों को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि पिछले 24 दिनों में तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार इस मामले में गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि तीनों तूफान ऐसे समय आए जब किसानों की फसल तैयार थी। अकवान तूफान के दौरान कई किसानों का धान खरीदी केंद्रों पर पहुंच चुका था, जो बेमौसम बारिश से भीग गया। कई किसानों का धान खेतों में कटा पड़ा था, जो बियारा तक नहीं आया और भीगकर खराब हो गया। बैज ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हो चुकी है, जबकि पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल खराब हुई है।

कांग्रेस नेता ने सरकार से आठ मांगें की हैं। इनमें तीनों तूफानों से हुए नुकसान का तत्काल आंकलन कर क्षतिपूर्ति देने, बीमा कंपनियों को नुकसान का आंकलन कर मुआवजा देने के निर्देश जारी करने और राजस्व पुस्तिका 6/4 के तहत मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी ब्लाकों में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर बीमा कंपनियों की निगरानी कराई जाए। क्षतिपूर्ति की गणना प्रति एकड़ 21 क्विंटल उत्पादन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य के आधार पर करते हुए धान के लिए 65100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा तत्काल घोषित किया जाए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो किसान तीन दिनों से टोकन कटवाकर धान नहीं बेच पाए हैं, उनका टोकन फिर से जारी किया जाए और मौसम को देखते हुए धान खरीदी की तिथि अभी से 15 दिन और बढ़ाई जाए। उन्होंने सरकार से पटवारी हड़ताल समाप्त कराने के लिए तत्काल पहल करने की भी मांग की।

बैज ने आरोप लगाया कि पिछले दो तूफानों अर्नव और मुरासू से हुए नुकसान का सर्वे सरकार ने नहीं कराया है और अकवान का प्रभाव अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अकवान के समय कई किसान टोकन कटवा चुके थे, लेकिन खराब मौसम के कारण धान नहीं बेच पाए और उनका टोकन लैप्स हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि पटवारी हड़ताल के कारण फसल नुकसान का आंकलन नहीं हो पा रहा और सरकार कोई वैकल्पिक रास्ता भी नहीं देख रही है।