पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा पर विवाद जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने सवाल उठाया है कि क्या यह महज संयोग है कि पाकिस्तान ने उसी मंत्री को भारत भेजा, जिसने सिंधु जल समझौता रद्द किए जाने पर भारत के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। उन्होंने पूछा कि अप्रैल 2025 और नवंबर 2026 के बीच भारत के खिलाफ पाकिस्तान द्वारा आतंक फैलाने के मामले में क्या बदल गया है। तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार की ओर से भरोसा नहीं होता।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मलिक का न सिर्फ भरपूर स्वागत किया गया, बल्कि उसी की टेबल पर मोदी के मंत्री गजेन्द्र शेखावत बैठे, जबकि वे कहीं और भी बैठ सकते थे। उन्होंने कहा कि इस मंत्री ने भारत के हाथ काटने और खून बहाने की धमकी दी थी। गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय पहले ही कह चुका है कि सिंधु जल संधि पर भारत का रुख स्पष्ट है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बता दें कि पिछले साल 7-10 मई के दौरान ऑपरेशन सिंदूर और फिर दोनों देशों के बीच हुए सैन्य टकराव के बाद संभवत: यह पहली बार था जब नई दिल्ली ने किसी पाकिस्तानी मंत्री को भारत में होने वाले किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया हो।
इससे पहले मलिक ने शुक्रवार को कहा था कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच बातचीत को बढ़ावा देने में संस्कृति की अहम भूमिका है। उन्होंने पुराना किला परिसर में भारत की मेजबानी में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन सभ्यतागत संवाद मंच से इतर संवाददाताओं से बातचीत में यह टिप्पणी की। द्विपक्षीय मुद्दों पर पूछे जाने पर मलिक ने कहा कि यह बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां कोई द्विपक्षीय मामले नहीं हैं।
