प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 (GTA-6) का जिक्र कर सरकार के कामों को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने पर कांग्रेस ने तंज कसा है। मुख्य विपक्षी दल ने इसे युवाओं से जुड़ने की प्रधानमंत्री की कोशिश बताया और कहा कि यह गेम भी एक अपराधी जोड़ी की कहानी पर आधारित है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश में सोशल मीडिया पर जीटीए-5 और जीटीए-6 की तस्वीरों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह वीडियो गेम एक अपराधी जोड़ी की कहानी पर आधारित है और यह बात कितनी उपयुक्त है। रमेश ने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन अपने पुराने बयानों के मुताबिक उनका संकेत भाजपा की टॉप लीडरशिप की तरफ था। कांग्रेस भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर ऐसे आरोप लगाती रही है, जिसमें सबसे ज्यादा निशाने पर गृहमंत्री अमित शाह रहते हैं।

रॉकस्टार गेम्स द्वारा विकसित एक्शन एडवेंचर गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 के लॉन्च के बाद इसकी धूम मची हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसका जिक्र करते हुए सोशल मीडिया साइट पर स्लाइड्स के जरिए सरकार के बेहतर कामों की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि भारत एक बिल्कुल नया खेल खेल रहा है।

प्रधानमंत्री ने 'जीटीए-5 और जीटीए-6 के बीच, यह है कैसे' शीर्षक से 10 स्लाइड साझा की थीं। इन स्लाइड्स के जरिए उन्होंने 2013 में जारी वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5 और अब जारी इसके अगले संस्करण ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 के बीच भारत में विकास कार्यों के संदर्भ में तुलना की थी।