भारत में भुगतान के तरीकों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अक्टूबर 2026 में पहली बार क्रेडिट कार्ड से होने वाला खर्च एटीएम से निकाली गई नकदी से अधिक हो गया। इस दौरान क्रेडिट कार्ड से 2.4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च हुआ, जबकि एटीएम से निकाली गई नकदी घटकर 2.3 लाख करोड़ रुपये रह गई।
यह बदलाव इसलिए अहम है क्योंकि नवंबर 2019 में एटीएम से निकाली गई नकदी क्रेडिट कार्ड खर्च की तुलना में लगभग पांच गुना थी। पिछले सात वर्षों में दोनों के बीच का अनुपात लगातार कम हुआ है। नवंबर 2019 में यह अनुपात 470 प्रतिशत था, जो अक्टूबर 2026 में घटकर 95.1 प्रतिशत रह गया।
कोविड लॉकडाउन के दौरान इन दोनों के बीच का अंतर और बढ़ गया था। अप्रैल 2020 में एटीएम से निकाली गई नकदी क्रेडिट कार्ड खर्च की तुलना में 6.2 गुना थी, जो इस अवधि का सबसे ज्यादा अनुपात है। महामारी के दौरान नकदी निकालने की होड़ से एटीएम से निकाली गई राशि बढ़कर 1.3 लाख करोड़ रुपये हो गई थी, जबकि लॉकडाउन के कारण क्रेडिट कार्ड खर्च घटकर 20,765 करोड़ रुपये रह गया था।
लेन-देन की संख्या में भी यह बदलाव दिखा। अक्टूबर 2026 में एटीएम से निकाली गई रकम क्रेडिट कार्ड लेन-देन का 61.5 प्रतिशत थी, जो इस अवधि में सबसे कम अनुपात है। तब 6,833 लाख क्रेडिट कार्ड लेन-देन के मुकाबले 4,229 लाख बार एटीएम से पैसे निकाले गए। सबसे अधिक अनुपात मई 2020 में दर्ज किया गया था, जब एटीएम से निकाली गई रकम क्रेडिट कार्ड लेन-देन की तुलना में 3.9 गुना थी।
