मेरठ के आबूलेन बाजार स्थित एक ओयो होटल में एक युवती को रातभर बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सलमान ने युवती को कमरे में रोककर रखा और उसका मोबाइल भी छीन लिया। मंगलवार दोपहर युवती होटल से भागकर बाजार में पहुंची, जहां आरोपी ने उसका पीछा किया और सड़क पर गिराकर बाल पकड़कर पीटा। युवती के शोर मचाने पर बाजार में मौजूद लोग और व्यापारी इकट्ठा हो गए और उन्होंने युवती को छुड़ाकर आरोपी की पिटाई की। भीड़ से बचकर आरोपी होटल की छत पर चढ़ा और पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, युवती गाजियाबाद की रहने वाली है और सलमान से उसकी पहचान दो साल पहले हुई थी। दोनों ने परतापुर के रिठानी में साझेदारी में होटल किराए पर लेकर कारोबार शुरू किया था, जो चल नहीं पाया। इसके बाद युवती की शादी तय हो गई और उसने सलमान से संपर्क तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, सोमवार को युवती अपनी सहेली से मिलने ब्रह्मपुरी क्षेत्र आई थी। सहेली के दोस्त कृष्णा ने सलमान को इसकी जानकारी दी। कृष्णा ही रविवार रात कार से युवती, उसकी सहेली और सहेली की भाभी को आबूलेन बाजार के होटल लेकर पहुंचे। होटल का मैनेजर भी कृष्णा ही बताया जा रहा है, जबकि होटल का संचालन गोविंद चौरसिया कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, होटल में सलमान पहले से मौजूद था और युवती को अलग कमरे में ले जाकर रातभर बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया।

पुलिस ने युवती की तहरीर पर सलमान के खिलाफ बंधक बनाने, सड़क पर मारपीट करने और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें बनाई गई हैं, जबकि होटल मैनेजर को हिरासत में लिया गया है। सीओ संजय गुप्ता ने बताया कि युवती के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसके परिजनों को गाजियाबाद में जानकारी दे दी गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।