सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक अक्सर यह तय नहीं कर पाते कि किस धातु में पैसा लगाना फायदेमंद रहेगा। इसी असमंजस को दूर करने के लिए डीएसपी म्यूचुअल फंड के वाइस प्रेसिडेंट साहिल कपूर ने बातचीत में गोल्ड-सिल्वर प्राइस रेशियो के आधार पर खरीदारी और मुनाफावसूली की रणनीति साझा की है। उनके अनुसार, निवेश या गहने खरीदने से पहले लोगों को इस रेशियो पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि ऐतिहासिक रूप से इसका औसत 60 के आसपास रहा है।

साहिल कपूर के मुताबिक, जब गोल्ड-सिल्वर रेशियो 85 से 100 के स्तर पर पहुंच जाए तो चांदी खरीदनी चाहिए। वहीं, जब यह रेशियो घटकर 50 से 60 के दायरे में आ जाए तो चांदी में किया गया निवेश बेचकर मुनाफावसूली कर लेनी चाहिए। गोल्ड-सिल्वर रेशियो यह बताता है कि एक औंस सोना खरीदने के लिए कितने औंस चांदी की जरूरत होती है। इसे सोने की कीमत (प्रति औंस) को चांदी की कीमत (प्रति औंस) से भाग देकर निकाला जाता है। उदाहरण के लिए, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 2,400 डॉलर प्रति औंस और चांदी 30 डॉलर प्रति औंस हो तो 2400 को 30 से भाग देने पर रेशियो 80 होगा।

इतिहास के आंकड़ों के आधार पर इस रेशियो को तीन हिस्सों में समझा जा सकता है। 80 से ऊपर का अनुपात आमतौर पर बताता है कि सोने की तुलना में चांदी अपेक्षाकृत सस्ती है। 50 से 70 के बीच की रेंज को सोने और चांदी के लिए तुलनात्मक रूप से संतुलित मूल्यांकन क्षेत्र माना जाता है। वहीं, रेशियो के 50-60 से नीचे जाने पर संकेत मिलता है कि चांदी की तुलना में सोना अपेक्षाकृत सस्ता है।

सोने-चांदी से जुड़ी यह जानकारी निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।