जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हमले को लेकर मंगलवार को एक CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार को कैंप की रेकी करते हुए दिखाया गया है। 56 सेकंड के इस वीडियो में दोनों एक टैक्सी से उतरते नजर आ रहे हैं। पहले लतीफ और उसके बाद उमर गाड़ी से नीचे उतरे और कैंप की ओर बढ़ गए। कैंप की ओर जाते हुए दोनों की एक तस्वीर भी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि दोनों ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। सुरक्षाबलों ने सोमवार को इनमें से एक आतंकी उमर को मार गिराया, जबकि लतीफ की तलाश जारी है। हालांकि, एक दिन पहले सेना ने लतीफ के मारे जाने की बात कही थी।

जांच के मुताबिक, उमर ने लश्कर-ए-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर मीर बाजार, अखरन, हबलीश और कुलगाम सहित कई जगहों की रेकी की थी। 10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज में दोनों रेकी के दौरान और अखरन हमले के बाद भागते दिखे। उमर के लापता होने पर उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि उमर पिछले 5 से 6 महीनों से लतीफ भट को पनाह और दूसरी मदद दे रहा था, और अखरन की घटना के तुरंत बाद TRF में शामिल हो गया था। हमले के बाद फरार दोनों आतंकियों को सोमवार को लारू में सुरक्षा बलों ने घेर लिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उमर मारा गया।

इस बीच, 11 नवंबर के हमले के बाद कुलगाम के ग्रामीण इलाकों में सर्च ऑपरेशन लगातार सातवें दिन भी जारी है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमों ने 15 से ज्यादा गांवों में तलाशी तेज कर दी है। संदिग्ध इलाकों की घेराबंदी कर घरों, आसपास के कमरों, बगीचों और घनी झाड़ियों की गहन तलाशी ली जा रही है। अभियान में ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद ली जा रही है, और आने-जाने वाले रास्तों पर कई चेकपोस्ट बनाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 600 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं, जिनमें 45 जवान शहीद हुए और 138 आतंकी मारे गए।