जम्मू-कश्मीर में तैनात CRPF जवानों के लिए सुरक्षा के नए निर्देश जारी किए गए हैं। कुलगाम आतंकी हमले के बाद यह कदम उठाया गया है। अब सभी जवानों को ड्यूटी के दौरान बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही ड्यूटी पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। केवल कमांडर ही जरूरी सरकारी काम के लिए मोबाइल का उपयोग कर सकेंगे।

कुलगाम में 11 नवंबर को हुए हमले में तीन जवान घायल हुए थे। CRPF के DG जीपी सिंह ने पिछले दिनों सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की थी। इसके बाद सभी कंपनी कमांडरों को जांच नाकों पर सुरक्षा बढ़ाने और पर्याप्त जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। जवानों को गोलीबारी से बचाने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा चौकियों की व्यवस्था की जाएगी। शाम और रात में पर्याप्त रोशनी रखने के भी निर्देश हैं।

इस बीच, कुलगाम हमले से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। हमले में शामिल उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। सोमवार को मुठभेड़ में डार मारा गया, जबकि भट भाग निकला। मंगलवार को भी ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उसकी तलाश जारी रही।

इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। मंगलवार को जारी CCTV फुटेज में आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार CRPF कैंप की रेकी करते दिख रहे हैं। 56 सेकंड के इस वीडियो में दोनों टैक्सी से उतरते दिखे। पहले लतीफ और फिर उमर उतरा और दोनों कैंप की ओर बढ़ गए। कैंप की ओर जाते दोनों की एक फोटो भी सामने आई है।