पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव से तीन नाबालिग किशोर सोमवार की अलसुबह घर से भाग गए। तीनों इंटर के छात्र हैं और आपस में दोस्त हैं। घर छोड़ने से पहले तीनों ने फोन पर बातचीत की थी और परिजनों को बताए बिना चुपचाप निकल गए। जाने से पहले किशोरों ने अपने-अपने घरों से यथासंभव रुपए भी ले लिए और पुलिस को कोई सुराग न मिले, इसलिए मोबाइल का सारा डेटा डिलीट कर फोन घर पर ही छोड़ गए।
घटना के समय घर के सदस्य उगते सूर्य की उपासना के लिए गंगा घाट गए थे। छठव्रत के अंतिम दिन तीनों दउरा लेकर घाट पहुंचे थे, लेकिन दउरा वहीं रखकर चुपके से अपने घर लौट आए। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों किशोर ऑनलाइन गेमिंग की लत का शिकार हो गए थे और हरियाणा के कथित साइबर ठग गिरोह के एक सदस्य से उनकी बराबर बातचीत होती रहती थी। ग्रामीणों ने तीनों को बरहपुर से टोटो पकड़कर मोकामा की ओर जाते देखा था।
बरहपुर गांव निवासी विनोद महतो के पुत्र कमलदेव कुमार, रविंद्र तांती के पुत्र सूरज कुमार और दिनेश महतो के पुत्र शिवम कुमार के घर से गायब होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने सोमवार रात तक उनके लौटने का इंतजार किया और निराश होकर मंगलवार को मोकामा थाने में लिखित आवेदन दिया। मोकामा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मोबाइल की कॉल हिस्ट्री के आधार पर किशोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस को स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद है।
परिजनों की चिंता इस बात को लेकर बढ़ी हुई है कि कहीं तीनों किशोर साइबर ठगों या मानव तस्कर गिरोह के जाल में न फंस गए हों। आशंका जताई जा रही है कि ठग गिरोह या तस्करों के बहकावे में आकर किशोरों ने पुलिस के सुराग पाने के रास्ते बंद करने के लिए मोबाइल डेटा डिलीट किया। फिलहाल तीनों के भागने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
