रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक उत्पत्ति पर हुए पहले विस्तृत जीनोम अध्ययन में सामने आया है कि उनकी आनुवंशिक जड़ें मुख्य रूप से पूर्वी दक्षिण एशिया से जुड़ी हैं। यह अध्ययन दस संस्थानों के 12 वैज्ञानिकों के अंतरराष्ट्रीय दल ने किया है, जिसमें काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी भी शामिल है। शोध में पाया गया कि म्यांमार के अराकान क्षेत्र में लंबे समय तक निवास के दौरान रोहिंग्या समुदाय का आसपास के तिब्बतो-बर्मी भाषी समुदायों के साथ सीमित लेकिन स्पष्ट आनुवंशिक मिश्रण हुआ। पड़ोसी बांग्लादेशी आबादी की तुलना में रोहिंग्या समुदाय में पूर्वी और दक्षिण-पूर्व एशियाई आनुवंशिक अंश अपेक्षाकृत अधिक पाए गए।

शोध के लिए बांग्लादेश के आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद ढाका विश्वविद्यालय की डॉ. गाजी नुरुन नहार सुल्ताना के नेतृत्व में कॉक्स बाजार स्थित शिविर से 25 रोहिंग्या लोगों के रक्त नमूने एकत्र किए गए। तुलनात्मक अध्ययन के लिए 27 बांग्लादेशी मुस्लिम, नौ बांग्लादेशी हिंदू और नौ बाव्म जनजाति के लोगों के नमूने भी लिए गए। इसके अतिरिक्त यूरेशिया के 2,217 नमूनों को शामिल कर व्यापक सांख्यिकीय विश्लेषण किया गया। अंतरराष्ट्रीय दल में ढाका विश्वविद्यालय, टार्टू विश्वविद्यालय (एस्टोनिया), सीडीएफडी हैदराबाद, केयू ल्यूवेन (बेल्जियम), बारी विश्वविद्यालय (इटली), ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन, कलकत्ता विश्वविद्यालय और बर्न विश्वविद्यालय (स्विट्जरलैंड) के वैज्ञानिक शामिल रहे।

शोध की प्रमुख लेखिका डॉ. गाजी नुरुन नहार सुल्ताना के अनुसार, प्रारंभिक विश्लेषण में रोहिंग्या दक्षिण एशियाई समूहों के निकट एक अलग आनुवंशिक समूह के रूप में सामने आए। उनका आनुवंशिक स्वरूप दक्षिण एशिया और पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच कुछ हद तक स्थित दिखाई देता है, लेकिन उनका मूल आनुवंशिक आधार दक्षिण एशियाई ही है। शोध के प्रथम लेखक डॉ. प्रज्ज्वल प्रताप सिंह ने बताया कि मॉडल आधारित सांख्यिकीय विश्लेषण में रोहिंग्या समुदाय में लगभग 59 प्रतिशत कोल-संबंधित यानी उत्तर भारतीय जैसी वंशावली और लगभग 41 प्रतिशत बर्मी स्रोत से जुड़ी वंशावली का अनुमान लगाया गया, जबकि पड़ोसी बांग्लादेशी मुस्लिम समूह में यह अनुपात लगभग 69 और 31 प्रतिशत रहा।

शोधकर्ताओं ने डीएनए आंकड़ों के आधार पर आनुवंशिक मिश्रण का समय भी निर्धारित करने का प्रयास किया। अध्ययन के अनुसार, रोहिंग्या समुदाय में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशियाई आनुवंशिक घटकों का अंतिम प्रमुख मिश्रण लगभग 701 से 974 वर्ष पहले हुआ था, हालांकि यह समय-सीमा किसी समुदाय के उस क्षेत्र में निवास की निश्चित शुरुआत का प्रमाण नहीं है। होमोजाइगोसिटी विश्लेषण से पता चला कि रोहिंग्या समुदाय का इतिहास किसी अत्यंत छोटी या पूरी तरह अंतर्विवाही आबादी जैसा नहीं रहा है। अध्ययन में बीएजी3, आईटीपीआर3 और एसएनएपी91 सहित कई संभावित जीनों के संकेत भी पहचाने गए, जिन्हें संभावित चयन के लक्ष्य के रूप में देखा गया है; शोध पत्र में स्पष्ट किया गया है कि उपलब्ध विश्लेषण से किसी जीन पर लाभकारी प्राकृतिक चयन की निर्णायक पुष्टि नहीं होती। दल के भाषाविद् प्रो. जॉर्ज वैन ड्रीम ने कहा कि रोहिंग्या समुदाय की आनुवंशिक और भाषाई पहचान एक मोजेक की तरह है, जिसकी प्रमुख परत पूर्वी दक्षिण एशिया से जुड़ी है।