कटक में महानदी के तट पर ऐतिहासिक बालीयात्रा महोत्सव मंगलवार से शुरू हो रहा है। इस बार पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इसका उद्घाटन करेंगी, जिससे आयोजन का महत्व बढ़ गया है। यह महोत्सव 24 नवंबर से एक दिसंबर तक आठ दिनों तक चलेगा।

महानदी के ऊपरी और निचले मैदान में करीब 60 एकड़ क्षेत्र में मेले का आयोजन होगा, जहां 1800 से अधिक स्टॉल सजेंगे। आयोजन पर कुल 17 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसमें राज्य सरकार 10 करोड़ रुपये का अनुदान देगी। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि आठ दिनों में करीब 80 लाख लोग मेले में पहुंचेंगे और लगभग 350 करोड़ रुपये का कारोबार होगा।

ऊपरी मैदान में 1.93 लाख वर्गफुट क्षेत्र में 591 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिसके लिए मैदान को 11 ब्लॉकों में बांटा गया है। यहां 120 खाद्य स्टॉल, 15 हजार वर्गफुट में मनोरंजन जोन और सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। निचले मैदान में एक हजार से अधिक स्टॉल लगेंगे, जिनमें ओआरएमएएस के करीब 500 स्टॉल पर हथकरघा, हस्तशिल्प, ग्रामीण उत्पाद और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद बिकेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मु के लिए विशेष रूप से 'कलिंग तरंगिणी' नाव तैयार की गई है। वे सिल्वर सिटी बोट क्लब से इसी नाव के जरिए गड़गड़िया घाट पहुंचेंगी। मैदान पहुंचने पर वे पहले 'कटक इन कटक' पवेलियन का उद्घाटन करेंगी, फिर ओआरएमएएस के स्टॉल का भ्रमण करेंगी और इसके बाद गणकवि वैष्णव पाणि मंच पर मुख्य उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी। समारोह में राज्यपाल ब्रजमोहन राम और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। 'कटक इन कटक' पवेलियन में प्राचीन कलिंग और इंडोनेशिया के बाली द्वीप के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस आयोजन में शामिल होने के लिए इंडोनेशिया का एक प्रतिनिधिमंडल भी कटक पहुंचेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गणकवि वैष्णव पाणि और अक्षय महांति मंच पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे, जबकि 26 नवंबर को गायक पापोन अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले में 70 प्लाटून पुलिस बल के साथ 400 पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। निगरानी के लिए मैदान में 38 वाच टावर, 38 पुलिस सहायता केंद्र, 1200 सीसीटीवी कैमरे और 100 एआई आधारित कैमरे लगाए जाएंगे। 22 नवंबर से तीन दिसंबर तक बालीयात्रा मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे को ड्रोन निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है।