बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ फिलहाल तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक यह तूफान दक्षिण-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए मंगलवार को ही यह ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ में बदल सकता है और गुरुवार तक ‘बेहद गंभीर तूफान’ का रूप ले सकता है। अनुमान है कि शुक्रवार दोपहर तक यह नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार करेगा।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस कर स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के असर से तटीय जिलों में 19 और 20 नवंबर को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तटीय आंध्र प्रदेश में कम अंतराल में यह तीसरा चक्रवात है। उन्होंने नुकसान कम करने और लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।
नायडू ने तटीय जिलों के लोगों को लगातार सतर्कता संदेश भेजने को कहा और अधिकारियों से कहा कि सरकारी मशीनरी पूरी तरह तैयार रहे। उन्होंने गिरे पेड़ों और बिजली के खंभों को हटाने के लिए मशीनरी तैयार रखने और युद्धस्तर पर बहाली शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सिंचाई टैंकों और नहरों के तटबंध टूटने से रोकने के इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
ओडिशा सरकार चक्रवात के तट के करीब पहुंचने के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों, खासकर भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी क्षेत्रों से दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी कर रही है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पुजारी ने कहा कि भूस्खलन राज्य के लिए बड़ी चुनौती है, जबकि बाढ़ और चक्रवात से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं पहले से मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि पिछले महीने आए चक्रवात के दौरान हुई 11 मौतों में से 10 भूस्खलन के कारण हुई थीं। अधिकारियों के मुताबिक गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट समेत छह जिलों को भूस्खलन की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
