डबवाली पुलिस ने नाबालिगा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। महिला आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के स्वजन ने थाना सदर डबवाली में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिगा को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के निर्देशन तथा डीएसपी मुख्यालय योगेश कटारिया के नेतृत्व में चौटाला चौकी प्रभारी पीएसआइ सतपाल सिंह ने टीम के साथ मामले की जांच आगे बढ़ाई। पीड़िता के महिला अधिवक्ता के समक्ष दिए गए बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

पुलिस ने 27 अक्टूबर को मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब जांच को आगे बढ़ाते हुए वांछित महिला आरोपी को भी पंजाब से गिरफ्तार कर लिया गया है।