नोएडा के दादरी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक को 108 एंबुलेंस सेवा ने तेजी से अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद की। हादसा दादरी में सिरसा पुलिस चौकी के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने विक्रम नामक व्यक्ति को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
एंबुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर शेखर कुमार के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस संख्या यूपी 32 एफजी 2203 को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। करीब चार किलोमीटर की दूरी तय कर एंबुलेंस कर्मचारी महज 7 मिनट में दोपहर 12:41 बजे मौके पर पहुंच गए।
घटनास्थल पर विक्रम बेहोशी की हालत में मिला, जिसके सिर में गंभीर चोट थी। एंबुलेंस कर्मियों ने प्राथमिक जांच कर वाइटल पैरामीटर जांचे और तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। इसके बाद घायल को सुरक्षित जिम्स मेडिकल कॉलेज, कासना में भर्ती कराया गया।
108 सेवा की इस तत्परता से घायल युवक को समय पर उपचार मिल सका।
