दरभंगा हवाई अड्डे का नाम महाराज कामेश्वर सिंह के नाम पर रखने की मांग सामाजिक संगठनों ने तेज कर दी है। आंबेडकर युवा केंद्र की ओर से आयोजित विमर्श में यह मांग उठाई गई कि हवाई अड्डे का नाम 'सर महाराज कामेश्वर सिंह दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा' रखा जाए।

वक्ताओं ने कहा कि महाराज कामेश्वर सिंह ने मिथिला, बिहार और देश के विकास के लिए अपनी जमीन और संपत्ति दान की। उन्होंने कई विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों और धार्मिक संस्थानों की स्थापना में योगदान दिया और गरीबों, किसानों तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम किया।

विमर्श में महाराज के राष्ट्रप्रेम का भी उल्लेख किया गया। कहा गया कि चीन युद्ध के दौरान उन्होंने देश को विमान और 15 मन सोना दान किया था। वक्ताओं ने तर्क दिया कि सामान्य व्यक्ति द्वारा एक-दो कट्ठा जमीन दान करने पर भी दानदाता का नाम अंकित किया जाता है, इसलिए महाराज के बड़े योगदान को देखते हुए हवाई अड्डे का नामकरण उनके नाम पर होना चाहिए।

आंबेडकर युवा केंद्र ने केंद्र सरकार, बिहार सरकार और नागर विमानन मंत्रालय से नामकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की। कहा गया कि इससे नई पीढ़ी को महाराज के त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति की जानकारी मिलेगी। मांग पूरी होने तक अभियान जारी रखने का संकल्प भी लिया गया। मौके पर विजय कुमार पासवान, विशाल आनंद, रामाशीष राकेश पासवान, ललन पासवान, मिथिलेश कुमार सुमन, अमर राम और आदर्श कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।