दरभंगा जिले में गृह मंत्रालय के ‘सहयोग’ पोर्टल के जरिये साइबर अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिल रही है। साइबर थाने में अब तक इस पोर्टल पर कुल 110 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें 85 पर कार्रवाई पूरी कर ली गई है और 25 मामले अनुसंधान के अधीन हैं। यह जानकारी साइबर थानाध्यक्ष सह पुलिस उपाधीक्षक बिपिन बिहारी से मिली है।
पोर्टल के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध आपत्तिजनक ऑनलाइन सामग्री, अश्लील फोटो-वीडियो, फर्जी प्रोफाइल और साइबर उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। कानून प्रवर्तन एजेंसियां सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत संबंधित इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म को टेकडाउन नोटिस भेजकर आपत्तिजनक सामग्री हटवाती हैं। सामान्य तौर पर नोटिस भेजने के 72 घंटे के भीतर सामग्री हटा दी जाती है, हालांकि पहचान और आईडी सत्यापन में देरी होने पर इसमें सात दिन तक का समय लग सकता है।
पोर्टल पर शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था है। शिकायतकर्ता चाहें तो अपनी पहचान उजागर करने या गोपनीय रखने का विकल्प चुन सकते हैं और उन्हें शिकायत पर हुई कार्रवाई की प्रगति की जानकारी भी दी जाती है। महिला थाने में अब तक इस पोर्टल पर एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल के लिए साइबर थाने में पुलिस उपाधीक्षक बिपिन बिहारी और दो इंस्पेक्टर सहित महिला थाने की थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी और अपर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी को प्रशिक्षण दिया गया है। दोनों थानों के पुलिसकर्मी भी इसके माध्यम से कार्रवाई कर रहे हैं। साइबर थानाध्यक्ष ने कहा कि सहयोग पोर्टल साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक पीड़ित इसका लाभ उठा सकें।
