दिल्ली की मतदाता सूची के मसौदे से बाहर हुए 43.32 लाख मतदाताओं को अंतिम सूची में नाम शामिल कराने का एक और अवसर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने ऐसे मतदाताओं के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत मंगलवार से छूटे हुए मतदाताओं को एन्युमरेशन फॉर्म बांटने और भरे हुए फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है, जबकि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार इनका निस्तारण 10 दिसंबर तक किया जाएगा।

सीईओ कार्यालय के मुताबिक, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान 30 जून से 17 अगस्त तक एन्युमरेशन फॉर्म बांटे गए थे। इसके बावजूद जिन मतदाताओं के नाम 31 अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके, उन्हें दोबारा अवसर दिया जा रहा है। ऐसे मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और एक से अधिक जगह पंजीकृत (एएसडीडी) श्रेणी में रखा गया था। दिल्ली में पुनरीक्षण से पहले करीब 1.45 करोड़ मतदाता थे। मसौदा सूची में 47.5 लाख नाम हटाए गए थे। इनमें 43.32 लाख मतदाताओं को स्थानांतरित, 2.82 लाख को मृत और 1.45 लाख को एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत बताया गया था।

जिन मतदाताओं का नाम स्थानांतरित होने के आधार पर काटा गया है, लेकिन वे अब भी उसी पते पर रह रहे हैं, उन्हें भरे हुए एन्युमरेशन फॉर्म के साथ परिशिष्ट-बी देना होगा। इसमें यह बताना होगा कि वे पहले एन्युमरेशन फॉर्म क्यों जमा नहीं कर पाए थे। वहीं, दिल्ली के भीतर ही घर बदलने वाले मतदाताओं को एन्युमरेशन फॉर्म के साथ परिशिष्ट-सी भरना होगा, जिसमें नया पता और विधानसभा क्षेत्र बताना होगा। ऐसे मतदाताओं को अलग से फॉर्म-8 भरने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें नए पते के प्रमाण के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के पास फॉर्म जमा करना होगा। नए क्षेत्र के बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) से भी सहायता ली जा सकती है।

मतदाता भरे हुए फॉर्म संबंधित बीएलओ, ईआरओ या एईआरओ को दे सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी फॉर्म जमा करने की सुविधा है। खाली एन्युमरेशन फॉर्म और उसके परिशिष्ट निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या ईसीआईनेट ऐप से पुराने ईपीआईसी नंबर के जरिए डाउनलोड किए जा सकते हैं। ये फॉर्म बीएलओ से भी मिलेंगे। सीईओ कार्यालय के अनुसार, इन्हें वाट्सएप, एसएमएस और ई-मेल के जरिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है। जिन मतदाताओं ने पहले ही अंतिम मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा एन्युमरेशन फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। उनके फॉर्म-6 पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई होगी। ऐसे बेघर लोगों के मामले में जिनके पास कोई दस्तावेज नहीं है, बीएलओ की क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में मान्य किया जाएगा। दोबारा शामिल किए जाने वाले मतदाताओं को एसआईआर से पहले वाला ही ईपीआईसी नंबर दिया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होनी है।