केंद्र सरकार ने महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण तत्काल लागू करने के उद्देश्य से नया परिसीमन विधेयक तैयार किया है। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना है। इसमें हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में लोकसभा व विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है।

विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। साथ ही किसी राज्य की विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। सीटों के नए बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक लागू रखा जाएगा।

विधेयक के उद्देश्यों और कारणों के विवरण के अनुसार, इसका मकसद परिसीमन प्रक्रिया के जरिए लोकसभा तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू करना है, जिसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाएं भी शामिल हैं।

विवरण में कहा गया है कि परिसीमन प्रक्रिया के तहत लोकसभा और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या में परिसीमन से ठीक पहले मौजूद सीटों की संख्या के अलावा 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।