केंद्र सरकार अप्रैल में संविधान संशोधन और महिला आरक्षण विधेयक पेश कर चुकी है, लेकिन दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत न होने के कारण यह विधेयक गिर गया था। अब विपक्षी दलों का समर्थन हासिल करने के लिए नए प्रस्तावों के साथ बिल फिर से पेश किया जाना है। अप्रैल में पेश किए गए 131वें संविधान संशोधन विधेयक और अब पेश किए जाने वाले 132वें संविधान संशोधन विधेयक में कई अंतर हैं। एनडीए में शामिल पार्टियों के अलावा अन्य दलों को समर्थन में लाने के लिए इसमें कई परिवर्तन किए गए हैं।

संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा और विधानसभा की 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा 2029 से पहले लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 फीसदी का इजाफा हो सकता है, हालांकि इसकी डेडलाइन लिखित में नहीं पेश की गई है।

पिछली बार जब बिल पेश किया गया था, तब विपक्षी दलों ने इस बात पर आपत्ति जताई थी कि इसमें सभी राज्यों में पहले से निर्धारित अनुपात में ही सीटें बढ़ाने की बात नहीं कही गई थी। दक्षिण के राज्यों को चिंता थी कि जनसंख्या के हिसाब से उत्तर भारत के राज्यों को सीटों का फायदा होगा, जबकि दक्षिण को नुकसान उठाना पड़ेगा। अब नए प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़कर 816 हो जाएगी, जिसमें 35 सदस्य केंद्र शासित प्रदेशों से हो सकते हैं। सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

131वें संविधान संशोधन विधेयक के दौरान लोकसभा में 528 सदस्य उपस्थित थे, जिसके चलते दो तिहाई बहुमत के लिए 352 वोट की जरूरत थी, लेकिन 54 वोट कम पड़ गए थे। 2014 में सत्ता में आने के बाद पहली बार ऐसा हुआ था जब पेश किया गया कोई विधेयक पास नहीं हो पाया। इसके बाद सरकार ने नए प्रस्ताव में बदलाव किया और विपक्ष के दलों की मांगों का भी ध्यान रखा गया।

अभी इस पर स्पष्टता नहीं है कि परिसीमन विधेयक कब से लागू किया जाएगा। फिलहाल जनगणना 2027 की प्रक्रिया चल रही है और जनगणना के नए आंकड़ों के हिसाब से लोकसभा क्षेत्रों का दायरा तय किया जाएगा, हालांकि सीटों की संख्या पहले से 50 फीसदी ज्यादा ही होंगी। नए प्रस्ताव में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सीटों की संख्या 2051 तक के लिए फिक्स कर दी जाएगी और इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। वहीं राज्यसभा की अधिकतम संख्या 250 ही रहेगी।