केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव किया है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान है। सरकार सोमवार से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश करेगी, जिनमें दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित होगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सरकार को तीनों विधेयकों के पारित होने का भरोसा है।
सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर होगा, जबकि राज्यों के बीच निर्वाचन क्षेत्रों के अनुपात का निर्धारण 1971 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 में परिसीमन आयोग के गठन और संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण से जुड़े प्रावधान होंगे। केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में बदलाव के लिए अलग विधेयक पेश किया जाएगा।
संविधान के अनुच्छेद 170 के तहत राज्य विधानसभा में अधिकतम 500 सदस्य हो सकते हैं, जिसे बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में सीटों की संख्या बढ़ने के बावजूद राज्य के विभाजन की आशंका को दूर करना है। यूपी विधानसभा में फिलहाल 403 सीटें हैं, जो प्रस्तावित वृद्धि के बाद 600 से अधिक हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार सरकार किसी भी परिस्थिति में यूपी का विभाजन नहीं चाहती और इसके लिए संविधान में विशेष प्रावधान किया जाएगा।
लक्षद्वीप तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह जैसे छोटे केंद्र शासित प्रदेशों में सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का फार्मूला लागू नहीं होगा, जबकि नगालैंड और मिजोरम जैसे राज्यों में लोकसभा की सीटें एक से दो किए जाने की संभावना है। नए विधेयक पेश करने से पहले सरकार लोकसभा में लंबित परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 को वापस लेगी। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के अनुसार नए परिसीमन विधेयक में महिलाओं के आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है और आरक्षित सीटों का आवंटन परिसीमन आयोग द्वारा तय तरीके से रोटेशन के आधार पर होगा।
