देवरिया के भटनी में पूर्वी रेलवे ढाला संख्या 115 पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण रेलवे के हिस्से में काम आगे न बढ़ने से पिछले तीन माह से ठप है। इसके चलते परियोजना पूरी होने में पांच माह अतिरिक्त लग सकते हैं। 38.13 करोड़ रुपये की इस परियोजना को नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य था।

मार्च 2023 में परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली थी और अक्टूबर 2024 में 664 मीटर लंबे तथा 7.50 मीटर चौड़े आरओबी का निर्माण शुरू हुआ। सेतु निगम 15 में से 13 पायों का निर्माण पूरा कर चुका है। रेलवे ट्रैक के ऊपर करीब 64 मीटर हिस्से में शेष दो पायों का निर्माण भी तीन माह पहले पूरा हो गया था। रेलवे के हिस्से में सब स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है, लेकिन सुपर स्ट्रक्चर के बो-स्ट्रींग गर्डर की असेंबलिंग और लांचिंग का कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। परियोजना की भौतिक प्रगति 84 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक विजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बो-स्ट्रींग गर्डर की असेंबलिंग और लांचिंग रेलवे के स्तर से की जानी है और यह कार्य पूरा होने के बाद ही एप्रोच का शेष निर्माण किया जा सकेगा। निर्माण में देरी पर गोरखपुर के कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने नाराजगी जताई है और पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा कार्य में तेजी लाने को कहा है।

ढाला संख्या 115 बंद होने से भटनी कस्बे के लोगों की परेशानी बढ़ रही है और आवागमन के लिए 116 नंबर ढाला पर निर्भरता बढ़ गई है। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बार-बार बंद होने से रोजाना लंबा जाम लग रहा है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हीरालाल गुप्ता, अलख निरंजन मिश्र, दीपू मिश्र, राजू गुप्ता, आशीष मिश्र, शहजाद अहमद, राहुल गुप्ता और पुरुषोत्तम मद्धेशिया समेत अन्य लोगों ने आरओबी का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।